रीवा:निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे ने बैठक आयोजित कर टीएल पत्रों तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की. निगम आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी इस सप्ताह दर्ज सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें. साथ ही 50 दिनों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करें.
निगम आयुक्त ने वार्ड 43, नर्मदा नगर की सडक़ गुणवत्ता से संबंधित शिकायत में मूल्यांकन करने वाले उपयंत्री को नोटिस जारी करने एवं जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्राय: यह शिकायत प्राप्त होती है कि आरसीसी एवं पीसीसी कार्य के टॉप लेयर के दौरान अधिकारी कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं रहते, जिससे कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होती है.
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जब भी निर्माण कार्य कराया जाए, संबंधित अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य हो तथा जियो-टैग फोटो सहित कार्य का मूल्यांकन किया जाए. अन्यथा गुणवत्ता विहीन कार्य पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
निगम आयुक्त ने निर्देश दिए कि शहर में जिन शासकीय एजेंसियों द्वारा निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, उनकी अनुमति की भी जांच की जाए तथा बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्य तत्काल बंद कराए जाएं. फायर नियमों के अनुसार 12.5 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली मल्टी पर बिना फायर प्लान के बिल्डिंग परमिशन जारी न की जाए. इसके साथ ही पार्किंग में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए. जोनवार प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने पर सभी जोनों के जोनल अधिकारी एवं सहायक यंत्रियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिल्डिंग के पार्किंग स्पेस में संचालित दुकानों पर सख्त कार्रवाई की जाए.
