भोपाल। मध्यप्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने संगठित अपराध और रंगदारी वसूली के एक बड़े मामले में कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के करीबी सहयोगी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पर क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से गैंग के लिए रकम का लेनदेन करने और आपराधिक गतिविधियों को वित्तीय मदद पहुंचाने का आरोप है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन में गठित विशेष जांच दल (स्पेशल टास्क फोर्स) ने फरार आरोपी आशीष यादव निवासी सिंगवास खास, जिला हांसी (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। आरोपी अशोकनगर के कारोबारी अंकित अग्रवाल को धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले में वांछित था।
जांच में खुलासा हुआ है कि आशीष यादव को गैंगस्टर हैरी बॉक्सर द्वारा यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी के जरिए रकम भेजी जाती थी। आरोपी इस राशि को भारतीय मुद्रा में बदलकर गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचाता था। स्पेशल टास्क फोर्स की पूछताछ में यह भी सामने आया कि इस धनराशि का इस्तेमाल रेकी करने, फायरिंग कराने, धमकाने और अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों में किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में लगातार ठिकाने बदल रहा था। स्पेशल टास्क फोर्स ने उसे 3 मई को हांसी से गिरफ्तार किया।
