नयी दिल्ली, 06 मई (वार्ता) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने घोषित अपराधी सुमित राणा उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। सुमित राणा एक खूंखार अपराधी है, जिस पर राष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाजी चैंपियन विकास उर्फ भिंडा की हत्या में शामिल होने का आरोप है। सिरसपुर निवासी राणा पुलिस द्वारा महीनों तक लगातार निगरानी और सघन प्रयासों के बाद आदर्श नगर से पकड़ा गया। वह आठ महीने से अधिक समय से फरार चल रहा था और बताया जाता है कि वह सोनू उर्फ ठेकेदार गिरोह का सदस्य है। पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने कहा कि यह गिरफ्तारी इस सनसनीखेज हत्या के मामले को सुलझाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आरोपी की पहचान सुमित राणा के रूप में की और बताया कि मुक्केबाज की हत्या की साजिश में उसने अहम भूमिका निभाई थी। पुलिस उपायुक्त ने कहा, “गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार कई राज्यों में अपने ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा की गई समन्वित तकनीकी निगरानी और लगातार किए गए जमीनी प्रयासों का परिणाम है।”
पुलिस ने बताया कि यह हत्या एक सोची-समझी साज़िश के तहत की गई थी, जिसकी जड़ें पुरानी रंजिश में थीं और जिसका मकसद इलाके में अपना आपराधिक दबदबा कायम करना था। जांचकर्ताओं के अनुसार, सुमित राणा इस साज़िश के मुख्य सूत्रधारों में से एक था। उसके साथ गैंग लीडर विकास दहिया उर्फ सोनू ठेकेदार और उसके अन्य साथी भी शामिल थे। पीड़ित विकास को कथित तौर पर एक सुनियोजित हमले में निशाना बनाया गया। इस हमले में उस पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। जांच में पता चला कि हत्या के बाद, अपराध में इस्तेमाल किए गए हथियार को कथित तौर पर सबूत मिटाने के मकसद से आरोपियों के बीच आपस में बदल दिया गया था। पूछताछ के दौरान, सुमित राणा ने इस साज़िश में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुमित राणा के पास होटल प्रबंधन का डिप्लोमा है। दिल्ली लौटने से पहले उसने मलेशिया और दुबई में भी काम किया था, लेकिन दिल्ली आने के बाद वह कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गया।

