
खंडवा। जिले के जावर सर्किल अंतर्गत ग्राम भकराडा में मुरम के अवैध उत्खनन के दौरान सरकारी कार्रवाई पर हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार रविवार को गश्त के दौरान हल्का पटवारी मयंक फुलेरिया को भकराडा में शासकीय भूमि पर अवैध खनन की सूचना मिली।
मौके पर पहुंचने पर एक जेसीबी और चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मुरम निकालते हुए पाई गईं, जिन्हें पास के क्षेत्र में ले जाया जा रहा था।
पटवारी को देखकर सभी चालक मौके से भागने लगे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर चालक ने दुस्साहस दिखाते हुए पटवारी पर ही ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे उनकी जान पर बन आई। हालांकि पटवारी ने सतर्कता से खुद को बचा लिया। घटना के दौरान अफरा-तफरी मच गई और चालक अपने-अपने वाहन लेकर फरार हो गए, लेकिन एक जेसीबी मशीन गड्ढे में फंस गई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
घटना की सूचना तत्काल नायब तहसीलदार और तहसीलदार को दी गई, जिसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हुई। जावर थाने में अवैध उत्खनन, शासकीय कार्य में बाधा और जान से मारने के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में जेसीबी चालक समेत पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
प्रशासन के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेसीबी चालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो ट्रैक्टर चालक अभी फरार हैं। बिना नंबर के दो ट्रैक्टर भी जब्त किए गए हैं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
एडीएम काशीराम बड़ोले ने बताया कि अवैध खनन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में सघन निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी गई है, जिससे खनन माफिया में हडक़ंप मच गया है।
