
रीवा। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रीवा परिवहन विभाग द्वारा जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर यात्री बसों की सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाली बसों के विरुद्ध प्रभावी चालानी कार्रवाई की गई।परिवहन विभाग की टीमों ने सीधी, गुढ़, सिरमौर, बैकुंठपुर, चाकघाट सहित आसपास के प्रमुख मार्गों पर संचालित यात्री बसों की गहन जांच की।जांच के दौरान बसों में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपकरणों जैसे अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन द्वार एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया।अभियान के दौरान 7 बसों में सुरक्षा उपकरणों की कमी, परमिट शर्तों के उल्लंघन तथा अन्य अनियमितताएं पाई गईं, जिन पर तत्काल चालानी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बसों का संचालन मोटरयान अधिनियम एवं परमिट की शर्तों के अनुरूप ही किया जाए तथा क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाया जाए।परिवहन विभाग ने कहा कि यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे। परिवहन विभाग ने बस संचालकों से स्वेच्छा से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित एवं जिम्मेदार परिवहन व्यवस्था ही यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिला सकती है।
