बुकिंग की, डिलीवरी का मैसेज भी आ गया, लेकिन सिलेंडर नहीं मिला, नवीन गैस एजेंसी संचालक पर 17.84 लाख का जुर्माना

शाजापुर। ईरान-अमेरिका और इजराइल के बीच हुए युद्ध का असर अब भी शाजापुर में देखने को मिल रहा है. गैस सिलेंडर की किल्लत का बहाना बनाकर कालाबाजारी की जा रही है. यहां एक गैस एजेंसी संचालक की मनमानी हजारों उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है. ब्लैक में सिलेंडर बेचने और बुकिंग के बाद भी पात्र उपभोक्ताओं को सिलेंडर की डिलीवरी न देने की तमाम शिकायतों के बाद खाद्य विभाग ने मेसर्स नवीन गैस एजेंसी की जांच कराई, जिसमें वह दोषी पाया गया, जिसके बाद संबंधित गैस एजेंसी संचालक पर 17 लाख 84 हजार 390 रुपए की राशि अधिरोपित की गई.

बता दें नवीन गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थी. उपभोक्ताओं का आरोप था कि गैस एजेंसी संचालक सिलेंडर की कालाबाजारी कर आम जनता के हक पर डाका डाल रहा है. घंटों लाइन में लगकर उपभोक्ता सिलेंडर की बुकिंग कराते हैं, लेकिन कर्मचारी उन्हें तीन-चार दिन बाद सिलेंडर मिलने की पर्ची देते हैं. जबकि कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर मैसेज आता है कि आपका सिलेंडर डिलीवर हो गया है. इसी बात को लेकर उपभोक्ताओं और गैस एजेंसी के कर्मचारियों में बहस भी होती है. ऐसे ही पीडि़त उपभोक्ताओं ने खाद्य विभाग को कई शिकायतें की, जिसके बाद खाद्य विभाग द्वारा उक्त गैस एजेंसी की जांच ऑयल कम्पनी बीपीसीएल के सेल्स ऑफिसर से कराई गई.

ये कमियां पाई गई

जिसमें गैस एजेंसी संचालक द्वारा एलपीजी सिलेण्डरों का अनाधिकृत रूप से पंजीकृत उपभोक्ताओं को प्रदाय नहीं करने, घरेलू गैस सिलेण्डर बुकिंग किए गए उपभोक्ताओं को गैस सिलेण्डर प्रदाय न कर अन्य उपभोक्ताओं को प्रदाय करने, जांच में निर्धारित कीमत से अधिक कीमत में गैस सिलेण्डर प्रदाय किया जाने, रिकॉर्ड का सही संधारण नहीं करने, कंपनी द्वारा जारी आवश्यक सूचनाओं का प्रदर्शन नहीं करने तथा रिकॉर्ड अनुसार गैस सिलेण्डर के सत्यापन में सही स्टॉक नहीं पाया गया.

कारण बताओ सूचना पत्र भी जारी किया

ऑयल कम्पनी द्वारा गैस एजेंसी संचालक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया. उपरोक्त प्रकरण में ऑयल कम्पनी द्वारा जारी एमडीजी के तहत गैस सिलेण्डरों की नियमानुसार आपूर्ति नहीं किए जाने पर ऑयल कम्पनी के क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा मेसर्स नवीन गैस एजेंसी संचालक पर 17 लाख 84 हजार 390 रुपए की राशि अधिरोपित की गई.

कब-कब हुई जांच…

जिला आपूर्ति अधिकारी सुश्री अंजू मरावी ने बताया कि मेसर्स नवीन गैस एजेंसी बीपीसीएल टंकी चौराहा शाजापुर द्वारा घरेलू गैस सिलेण्डर के वितरण के संबंध में प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित सेल्स ऑफिसर द्वारा प्रथम जांच 4 मई 2026 एवं द्वितीय जांच 19 मई 2026 को की गई.

Next Post

धू-धूकर जल गया तेंदूपत्ता से लदा ट्रक, नही पहुंची दमकल

Sat May 23 , 2026
सिंगरौली । वन परिक्षेत्र माड़ा के छतौली में तेन्दूपत्ता से लदा एक ट्रक आज शनिवार की शाम करीब 4 बजे धू-धूकर जल गया। इस आगजनी की घटना में ट्रक एवं तेन्दूपत्ता समेत लाखों रूपये का नुकसान हुआ। वहीं मौके पर दमकल भी नही पहुंचा। आग बिजली के शॉट सर्किट से […]

You May Like