जबलपुर: अयोध्या में बने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के 22 जनवरी 2025 को दो वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। विगत वर्ष पहले इस दिन अयोध्या में मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होने पर सभी जगह भव्य आयोजन किए गए थे। उसी प्रकार दो वर्ष पूर्ण होने पर भी शहर के मंदिरों में जय श्री राम के जयकारे गूंजे, साथ ही राम नाम के साथ पूरी संस्कारधानी झूम रही थी। 22 जनवरी को सुबह से लेकर देर रात तक जगह-जगह रामायण पाठ, सुंदरकांड मंदिरों में आरती और पूजन का सिलसिला शुरू हो गया था। पूरे शहर में सिर्फ राम नाम की धुन ही सुनाई दे रही थी, इसके अलावा विभिन्न आयोजनों से इस भव्य और ऐतिहासिक दिन को और भी अधिक उत्साह और उमंग के साथ लोगों द्वारा मनाया गया।
जगह- जगह भंडारे और प्रसाद वितरण
22 जनवरी की सुबह से ही भगवान राम जी के पूजन- अर्चन के बाद विभिन्न मंदिरों, संगठनों, समितियां, शहर की सड़कों, चौराहा गली- मोहल्लों सभी जगह पर भंडारे और प्रसाद वितरण का क्रम लगातार जारी रहा। जिसमें देर रात्रि तक प्रत्येक मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा के साथ-साथ राम भजन की धुन सुनाई दे रही थी और इसके अलावा लोगों के प्रति अच्छा खासा उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा था। वहीं दिन भर शहर की सड़कों पर जगह-जगह भंडारे और प्रसाद ग्रहण करने के लिए भी लोगों की भीड़ देखने को मिल रही थी।
बड़े महावीर में सुंदरकांड पाठ महाआरती भंडारा
22 जनवरी को अयोध्या में राम जन्म भूमि मंदिर में श्री राम लला सरकार के प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ पर संस्कारधानी के मध्य में विराजमान मराठा कालीन श्री बड़े महावीर जी मंदिर में पं आशीष पुजारी के संयोजन में सुबह 11 बजे से दिनभर अनवरत भजनों की प्रस्तुति हुई। दोपहर 1 बजे महाआरती के पश्चात विशाल भंडारा सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर में दिनभर श्रृद्धालुओं का तांता लगा रहा।
एक शाम राजा रामचन्द्र के नाम का आयोजन
अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद आयुध जिला, जबलपुर द्वारा आयोजित “एक शाम राजा रामचन्द्र के नाम – श्रीराम संगीत संध्या” कार्यक्रम आजाद चौक, गोरा बाजार में श्रद्धा, उल्लास एवं पारिवारिक वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज़ अख्तर के सुमधुर भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति में सराबोर कर दिया।
समाज के सभी वर्गों—युवा, मातृशक्ति, वरिष्ठजन एवं परिवारों की भावपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगद्गुरु स्वामी सुखानंदाचार्य द्वाराचार्य राघव देवाचार्य, विधायक अशोक रोहाणी रहे। अध्यक्षता सुनील भागचंदानी (प्रांताध्यक्ष, विहिप महाकौशल प्रांत) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक दासवानी (वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति) उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभाग मंत्री महेन्द्र, राजेश, संजय कोरी, राजा ठाकुर सहित जिले के प्रखंड एवं खंड स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों, सेवा, सुरक्षा और सामाजिक एकता पर प्रकाश डाला।
