भोपाल। मध्यप्रदेश रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने प्रदेशभर में चोरी एवं जेवरात संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए जबलपुर, ग्वालियर और इंदौर में संयुक्त कार्रवाई कर 21 लाख रुपये से अधिक की चोरी की संपत्ति बरामद की है। यह अभियान रेल यात्रियों की सुरक्षा, संपत्ति संरक्षण और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था में जनविश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
जबलपुर जीआरपी ने चलती ट्रेनों और रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें मंगलसूत्र, चेन, बाली और पायल शामिल हैं, बरामद किए गए जिनकी कीमत करीब 2.85 लाख रुपये बताई गई है। एक अन्य कार्रवाई में भीड़भाड़ वाले रेलवे क्षेत्रों में यात्रियों को निशाना बनाने वाली महिला चोर को गिरफ्तार कर उससे चोरी के जेवरात जब्त किए गए।
ग्वालियर जीआरपी ने ट्रेनों में यात्रियों के पर्स, नगदी और आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और निगरानी के आधार पर करीब 7.30 लाख रुपये की नकदी एवं जेवरात बरामद किए।
इधर, इंदौर जीआरपी ने ट्रॉली बैग चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर 2.82 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की। वहीं ट्रेन में छूटे करीब 8.50 लाख रुपये मूल्य के जेवरों से भरे बैग को सुरक्षित यात्री को लौटाकर पुलिस ने ईमानदारी और तत्परता का उदाहरण पेश किया।
