अहमदाबाद, 25 जुलाई (वार्ता) लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस लिमिटेड का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 29 जुलाई को खुलेगा।
कंपनी की ओर से शुक्रवार को यहां जारी बयान में बताया गया कि लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस लिमिटेड ने अपने आईपीओ के लिए प्रति इक्विटी शेयर का प्राइस बैंड 150 से 158 रुपये तय किया है, जिसकी फेस वैल्यू पांच रुपये है। कंपनी का आईपीओ मंगलवार, 29 जुलाई को खुलेगा और गुरुवार, 31 जुलाई को बंद होगा। निवेशक कम से कम 94 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 94 के गुणक में बोली लगा सकते हैं।
यह आईपीओ फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल का मिक्स है। इसमें 18,453,575 नए शेयर जारी किए जाएंगे और प्रमोटर व प्रमोटर ग्रुप के शेयरहोल्डर्स द्वारा 5,638,620 शेयर ऑफर फॉर सेल के लिए रहेंगे।
लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस की शुरुआत 1990 के दशक में दीपक फाइनेंस एंड लीजिंग कंपनी के साथ हुई थी। यह एक नॉन-डिपॉजिट टेकिंग नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (एनबीएफसी) है, जो भारत के उन ग्राहकों की वित्तीय जरूरतों को पूरा करती है जिन्हें आमतौर पर कम सेवाएं मिलती हैं। यह अपने ग्राहकों की अलग-अलग जरूरतों को पूरा करने के लिए कई तरह की ऋण देती है।
31 मार्च 2025 तक, लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस के प्रबंधन के तहत संपत्ति (एयूएम) 31 मार्च 2023 के 686.77 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,277.02 करोड़ रुपये हो गयी, जो 36.36 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) दर्शाता है। इसका ऑपरेशनल नेटवर्क राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के ग्रामीण, अर्ध-शहरी और शहरी क्षेत्रों में 158 ब्रांचेज तक फैला हुआ है।
