
इंदौर। आजादनगर पुलिस ने मुसाखेड़ी क्षेत्र से एक बदमाश को दबोचकर उसके पास से चार अवैध देशी कट्टे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी पर पहले से गंभीर धाराओं में आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात पुलिस की मोबाइल टीम सिग्नेचर मल्टी के पास भ्रमण कर रही थी, तभी एक संदिग्ध युवक पीली थैली लेकर भागते हुए दिखा। घेराबंदी कर पकड़ा गया युवक अभिषेक पुरी (30), निवासी ग्राम देवपुर, थाना सिरोंज, जिला विदिशा का निकला। तलाशी में उसके पास से 12 बोर के तीन और 315 बोर का एक देशी कट्टा व दो कारतूस मिले, जिनकी कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अवैध हथियार कम दामों में खरीदकर बेचता है। पुलिस अब उससे हथियारों के सोर्स और गिरोह के अन्य साथियों की जानकारी जुटा रही है। आरोपी के खिलाफ थाना आजाद नगर में आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
आपराधिक रिकॉर्ड:
आरोपी अभिषेक पुरी पर पूर्व में थाना सिरोंज और विजय नगर में मारपीट, धमकी, एससी-एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कुल छह प्रकरण दर्ज हैं।
