विजय शर्मा
भोपाल: नगर निगम के वार्ड 29 में सीवेज और कचरे की समस्याएं अधिक देखने को मिली है. वार्ड में पलकमति परिसर, शिवा परिसर, राजदीप रेजीडेंसी, सोनिया नगर, नेहरु नगर के सी, डी, एस सेक्टर, बापू नगर, राहुल नगर, पुरानी और नवीन साबरी नगर, पुलिस लाइन, सूर्य नगर सहित छोटी बड़ी लगभग दो दर्जन कालोनियां है. जिनमें अधिकतर सीवेज और नालियों की समस्या पाई गई. बारिश का दौर शुरू होने वाला है. इस वार्ड में अभी तक नाले नालियों की सफाई नहीं की जा सकी है. जिन नालियों की सफाई हो चुकी है उनका कचरा वहीं पर रखा हुआ है जो धीरे धीरे वापस नालियों में भर रहा है.
यही स्थिति सीेवेज की बनी हुई है. समय पर सीवेज की सफाई न होने से गंदा पानी सडक़ों पर बहता रहता है. अगर झाड़ू की बात की जाए तो इन वार्ड में कुछ वीआईपी कालोनियों को छोड़ दिया जाए तो अन्य स्लम या मध्यम वर्गीय कालोनियों में समय पर नहीं लगाई जाती है. वहीं कचरा भी पड़ा रहता है.हांलांकि कचरा वाहन तो समय पर आता है लेकिन जो कचरा गलियों में या मल्टियों के पीछे नालियों में भरा पड़ा है उसे नहीं उठाया जाता है. जिससे यहां की कुछ बस्तियों में मच्छरों की भरमार है. जिससे वहां के रहवासी डेंगू जैसी बीमारी का शिकार हो रहे हैं. वहां के लोगों ने पार्षद के द्वारा समस्याओं का समय पर हल कराने का दावा किया है. वहीं इन सीवेज,नालियों की सफाई, झाडू़ को लेकर नगर निगम के कर्मचारियों को दोषी ठहराया है. वहीं जनता ने बताया कि यहां पर पार्षद के द्वारा सडक़ निर्माण, पार्क , शेड निर्माण सहित सभी विकास कार्यों पर कार्य किया गया है.
बापू नगर और सबरी नगर में सीवेज में रहने को मजबूर रहवासी
सीेवेज को लेकर अगर देखा जाए तो इस वार्ड का स्लम एरिया बापू नगर है जहां पर सीवेज की लाइन फूटी हुई हैं. वहीं कुछ झुग्गी वालों ने अपने घरों के अंदर कर ली है. जो बाहर है वह टूटी हुई है जिससे सीवेज लाइन चेंबर भरे रहते है. वहीं बारिश या आम दिनों में गंदा पानी झुग्गियों में भर जाता है. यही स्थिति साबरी नगर में है वहां भी सीेवेज की सफाई नहीं होती है.
साबरी नगर में कचरों का ढेर
इस वार्ड में दो सबरी नगर मल्टी हैं एक पुरानी और दूसरी नई.दोनों ही स्लम एरिया मानी जाती है. यहां पर सफाई का नामों निसान दिखाई नहीं देता है. वहीं यहां की मल्टियों में आगे पीछे सभी जगह कचरा ही कचरा दिखाई देता है. देखने से ऐसा लगता है कि नगर निगम ने इसे सभी सुविधाओं से दूर कर रखा है. यहां की मल्टियों में आम दिनों में भी पानी भरा रहता है. बदबू आती रहती है. यहां के रहवासी बदबू और गंदगी में रहने को मजबूर हैं. नगर निगम के सफाई कर्मचारी यहां पर काम करने ही नहीं जाते हैं.
वार्ड 29 के पार्षद दिवांश कंसाना ने बताया कि हमारे द्वारा सडक़ निर्माण सहित अनेकों कार्य कराये गए हैं. जो भी विकास कार्य हुए हैं वह सिर्फ पार्षद निधि से ही कराए गए हैं. अन्य कोई निधि मिलती नहीं है. राहुल नगर सडक़ निर्माण, नाली निर्माण, शेड निर्माण, बापू नगर में सडक़, कमला नगर थाने में ब्लॉक सौंदर्यीकरण, नेहरू नगर, डी सेक्टर एवं पुलिस लाइन क्षेत्र में डामरीकरण व सीसी रोड निर्माण ब्लॉक सौंदर्यीकरण, पार्क निर्माण कार्य कराया गया. टीवीएस शोरूम से कोपल स्कूल तक सीसी रोड एवं ब्लॉक सौंदर्यीकरण,
राजदीप रेसिडेंसी व ईएच-7, सूर्य नगर में पार्क निर्माण कार्य कराया गया. अमृत योजना के बालिका सुधार गृह के पास एवं पुलिस लाइन पार्क का रखरखाव, न्यू साबरी नगर और दोनों पार्कों में नई एलईडी लाइट लगवाई गईं. मैनिट स्थित शासकीय विद्यालय में मेंटेनेंस, रिपेयरिंग एवं वॉटरप्रूफिंग कार्य कराया गया. न्यू साबरी नगर में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्य करने के लिए कमरे का निर्माण कराया गया.
वार्ड 29 के रहवासियों ने वहां के कार्य को लेकर दी प्रतिक्रियाएं
सीेवेज लाइन में जाम की समस्या बनी रहती है. जिससे सडक़ों पर गंदा पानी बहता रहता है. पार्षद के द्वारा समस्याओं का हल कराया जाता है.
राजेन्द्र मेवाड़ा, दुकान संचालक, नेहरुनगर
हमारे यहां पर प्रतिदिन झाड़ू लगाई जाती है. वहीं सीवेज की कोई समस्या नहीं है. पार्षद के द्वारा समस्याओं का जल्द ही हल किया जाता है.
वृजेन्द्र सिहं, रहवासी ई टाइप, शिवाजी नगर के पास
यहां पर कचरा पड़ा रहता है . झाड़ू एक दो दिन में लगाई जातीहै. गंदगी होने से मच्छरों की भरमार है.
भास्कर, रहवासी, नवीन साबरी नगर
हमारे यहां पर नाले की सफाई नहीं होने से बारिश के दौरान पानी भर जाता है. जिससे घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है. सीवेज की समस्या बनी रहती है.
मीना, रहवासी, नवीन सबरी नगर
सीेवेज की लाइन पूरी तरह से जाम है. बिल्डिंग के पीछे नालियों मे कचरा भरा पड़ा है. झाडू़ भी नाम मात्र की लगाई जाती है. कचरा वाहन समय पर आता है. पार्षद ठीक काम कर रही है.
लोकेन्द्र, रहवासी, पुंरानी साबरी नगर
यहां पर सीवेज की सफाई नहीं होती है नालियां कचरे से भरी रहतीहै. जिससे मच्छरों की भरमार है. बीमारियों के शिकार हो रहे हैं.
केशव विश्वकर्मा, रहवासी, पुरानी सबरी नगर
हमारे यहां पर सबसे ज्यादा समस्या सीवेज की है. जो कभी सफाई नहीं की जाती है. कचरा समय पर उठता है. झाड़ू भी समय पर रोज लगाई जाती है.
गौरव, रहवासी, बापू नगर,
सीेवेज की समस्या है. नाले की सफाई नहीं होती है. जिससे बारिश के दौरान पानी झुग्गियों में भर जाता है.
हिंदु सिंह, रहवासी, बापू नगर
हमारे घर के सामने ही सीेवेज का चेंबर है वहीं सीवेज के पाइप पूरी तरह से टूटे हुए हैं. उसमें कचरा भरजाता है जिससे सीवेज का पानी घर के सामने कभी कभी तो घरों में भर जाता है.
सोना बाई, रहवासी, बापू नगर
