जबलपुर : मध्य प्रदेश शासन के आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग अंतर्गत संचालित मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद् के निर्देशन में विकासखंड मझौली के ग्राम पंचायत दोनी में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान उत्साह और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन नवांकुर संस्था ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति गुरजी (सेक्टर पोंडा) द्वारा किया गया। अभियान की शुरुआत ग्राम दोनी स्थित तालाब के विधिवत पूजन से की गई।
इसके बाद उपस्थित जनों ने सामूहिक रूप से तालाब की सफाई अभियान चलाया जल स्रोत को उपयोगी एवं संरक्षित बनाने का संकल्प लिया। इस अभियान में सीएमसीएलडीपी विद्यार्थी प्रस्फुटन समिति के सदस्य स्थानीय ग्रामीणजन बड़ी संख्या में शामिल हुए और उन्होंने जल संरक्षण के महत्व को समझते हुए सक्रिय सहभागिता निभाई।कार्यक्रम के दौरान अरविंद दुबे (अध्यक्ष, नवांकुर संस्था गुरजी) ने जल को जीवन का आधार बताते हुए इसके संरक्षण पर बल दिया, पूनम चौबे, मनीष अवस्थी, सतीश पाठक, सचिन नामदेव ने जल बचाने के व्यावहारिक उपाय बताए वहीं नीरज दुबे (परामर्शदाता) ने कहा कि जल के बिना जीवन असंभव है, इसलिए हर व्यक्ति को जल संरक्षण के लिए सजग रहना चाहिए और आवश्यकता अनुसार ही जल का उपयोग करना चाहिए।
जल के अनावश्यक उपयोग को रोकने दिया संदेश
अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि जल का अनावश्यक उपयोग रोकें और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा दें तालाब एवं जल स्रोतों की नियमित सफाई और संरक्षण करें। कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति से शशि ठाकुर, लीला देवी, मालती, नेहा बर्मन सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह कार्यक्रम जिला समन्वयक घनश्याम रायपुरिया एवं विकासखंड समन्वयक नूपुर खरे के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। ग्राम दोनी में आयोजित यह अभियान न केवल जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि जनभागीदारी से ही जल संकट जैसी बड़ी समस्या का समाधान संभव है।
