
सीधी। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व एवं वित्त और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा प्रस्तुत 4.38 लाख करोड़ के ऐतिहासिक और सर्वसमावेशी बजट पर स्थानीय सर्किट हाउस मे आयोजित विस्तृत प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि यह बजट ज्ञानी माडल पर आधारित एक दूरदर्शी दस्तावेज है जो गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के समग्र उत्थान के साथ-साथ अधोसंरचना और औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती पाठक ने कहा कि कृषि और किसान कल्याण के लिए 5 एचपी के कृषि पंपों हेतु 5276 करोड़ रुपए का प्रावधान, दलहन आत्मनिर्भर मिशन के लिए 335 करोड़ तथा समर्थन मूल्य पर बोनस भुगतान हेतु 150 करोड़ निर्धारित किए गए हैं। आपातकालीन ऋण पर ब्याज अनुदान के लिए 720 करोड़ की व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना अंतर्गत 1 लाख सोलर पंप उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है जिससे किसानों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध होगी। सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पशुपालन गतिविधियों के लिए 2364 करोड़ का प्रावधान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा। गरीब कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए 2857 करोड़ तथा पिछड़ा वर्ग एवं अन्य वर्गों के कल्याण के लिए 1691 करोड़ का प्रावधान किया गया है। ग्रामीण परिवारों को आबादी भूमि का मालिकाना हक प्रदान करने और पंजीयन व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन करने के लिए 3800 करोड़ कि व्यवस्था की गई है। विधायक श्रीमती पाठक ने कहा कि ये निर्णय सामाजिक न्याय और आर्थिक स्थिरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
श्रीमती पाठक ने कहा कि नारी सशक्तिकरण के लिए दिए बजट को बजट मे लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 के लिए 1801 करोड़ तथा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लिए 23883 करोड़ का प्रावधान किया गया है । यशोदा दुग्ध प्रदाय योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों के पोषणस्तर को सुदृढ़ करने हेतु 700 करोड़ का प्रावधान किया गया है। अधोसंरचना और विकास का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं के लिए 14742 करोड़, सडक़ मरम्मत एवं विस्तार हेतु 12690 करोड़ तथा मजरा-टोला सडक़ योजना के लिए 21630 करोड़ की व्यवस्था की गई है । जल जीवन मिशन के लिए 4454 करोड़ का प्रावधान किया गया है। नगरीय विकास के अंतर्गत पीएम ई बस सेवा के तहत 932 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की स्वीकृति दी गई है। ग्रामीण विकास और आवास के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 6850 करोड़ तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) हेतु 400 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने वाला बजट: देव कुमार
भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने आए हुए मीडिया बंधुओ का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह बजट समावेशी विकास की अवधारणा को साकार करता है और मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने वाला निर्णायक कदम है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनेगा और मध्यप्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
पत्रकारवार्ता में इनकी रही उपस्थिति
पत्रकार वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र मणि दुबे ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष विश्व बंधुधर द्विवेदी, मनीला सिंह चौहान, जिला महामंत्री अनिल पाण्डेय मंडल अध्यक्ष पंकज पाण्डेय सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सैकड़ो प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
