
इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर गुरुवार को इंडिगो एयरलाइन की उड़ानों में आई अव्यवस्था ने यात्रियों को फिर परेशान किया. तीन उड़ानें रद्द हुईं, जबकि तीन फ्लाइटें घंटों देरी से चलीं. इससे एक दिन पहले भी एयरलाइन की 18 उड़ानें कैंसिल हुई थीं, जिससे लगातार दूसरे दिन यात्रियों की परेशानी बढ़ गई.
राजस्व और यात्री भार दोनों में सबसे आगे रहने वाली इंडिगो एयरलाइन की उड़ान सेवाओं में इन दिनों भारी अव्यवस्था देखने को मिल रही है. इंदौर से सबसे अधिक उड़ानें इसी कंपनी की संचालित होती हैं, इसलिए सबसे बड़ा असर यहीं दिखाई दे रहा है. एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, दो दिनों में 21 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, जबकि कई फ्लाइटें लंबी देरी से पहुंचीं या रवाना हुईं. गुरुवार को रद्द की गई उड़ानों में मुंबई, दिल्ली, गोवा, चेन्नई और कोलकाता जैसे प्रमुख सेक्टर शामिल रहे. मामले में एयरलाइन सूत्रों का कहना है कि देशभर में ऑपरेशनल गड़बड़ियों, क्रू की उपलब्धता में कमी और तकनीकी कारणों से उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है. फ्लाइट कैंसिल और देरी की सूचना एयरलाइन की ओर से देर से मिलने के कारण यात्रियों में खासा आक्रोश देखा. रिफंड और रिबुकिंग काउंटरों पर लंबी लाइनें लग गईं. कई यात्रियों को दूसरी एयरलाइंस के महंगे टिकट लेने पड़े, तो कुछ को अपनी यात्राएं स्थगित करनी पड़ीं. एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से इंडिगो के कई रूट देशभर में प्रभावित हो रहे हैं. अन्य शहरों से आने-जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइटों में देरी का असर इंदौर पर भी सीधे दिख रहा है. हालात सामान्य होने में अभी कुछ और समय लग सकता है. मामले में सूत्रों का कहना है कि सर्दियों में बढ़ते यातायात भार, क्रू शेड्यूलिंग की दिक्कतें और ग्राउंड ऑपरेशन की कमजोरी ऐसी अव्यवस्था की प्रमुख वजहें होती हैं. इंडिगो ने यात्रियों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही उड़ान संचालन सामान्य किया जाएगा.
आज रद्द की गई उड़ानें
इंदौर आने वाली फ्लाइट
6 ई 5161 — मुंबई से इंदौर, इंदौर से जाने वाली फ्लाइटें, 6 ई 2053 इंदौर से मुंबई, 6 ई 6551 इंदौर से मुंबई.
देरी से आने-जाने वाली उड़ानें
6 ई 284 पुणे से इंदौर (3 घंटे 32 मिनट देरी), 6 ई 701 इंदौर से बेंगलुरु (3 घंटे 10 मिनट देरी), 6 ई 378 इंदौर से हैदराबाद (3 घंटे 40 मिनट देरी) से.
