नयी दिल्ली 05 मई (वार्ता) चाँदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने मंगलवार को यहां “झालमुढ़ी पार्टी” का आयोजन कर पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली ऐतिहासिक जीत का उत्सव मनाया। इस अवसर पर श्री खंडेलवाल ने कहा कि झालमुढ़ी अब केवल एक खाद्य पदार्थ नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की विजय का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जिस झालमुढ़ी का उपहास पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उड़ाया, उसी झालमुढ़ी ने उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंककर इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्थानीय उत्पादों के समर्थन की नीति सर्वविदित है। जब प्रधानमंत्री ने बंगाल के एक साधारण दुकान पर झालमुढ़ी खाई, तब सुश्री बनर्जी सहित विपक्षी दलों ने उसका मज़ाक उड़ाया और उसकी नकल उतारी।
उन्होंने कहा कि झालमुढ़ी पश्चिम बंगाल के हर वर्ग—गरीब से अमीर तक—के दिल से जुड़ी हुई है। ऐसे में उसका अपमान करना, दरअसल बंगाल की जनता की भावनाओं का अपमान था, जिसका जवाब जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से दे दिया। श्री खंडेलवाल ने कहा कि यह जनादेश श्री मोदी के नेतृत्व में जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है और यह विपक्ष की नकारात्मक, भ्रामक और विभाजनकारी राजनीति को पूरी तरह नकारने का स्पष्ट संदेश है। उन्होंने चुनाव नतीजों को लेकर सुश्री बनर्जी और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं के बयानों पर कहा कि यह उनका राजनीतिक हताशा और अपनी हार की जिम्मेदारी से बचने का एक असफल प्रयास है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के अथक परिश्रम, दूरदर्शी नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह की सटीक रणनीति का परिणाम है। श्री खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी और “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र को और सशक्त बनाएगी।

