
मंदसौर। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन में आयोजित साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश देते हुए कहा कि खरीदी केंद्रों पर किसानों की लंबी कतार न लगे और स्लॉट बुक किसानों का गेहूं समय पर तौलकर तत्काल मुक्त किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीदी केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा सोसायटी स्तर पर वेयरहाउस कर्मचारियों का हस्तक्षेप न हो। गेहूं की गुणवत्ता जांच सर्वेयर द्वारा सही तरीके से की जाए और फील्ड की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। बैठक में हम्माल, तौल, भंडारण और परिवहन व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने श्रम विभाग को संबल योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। स्कूल शिक्षा विभाग को स्कूलों की छत मरम्मत और प्रवेश प्रक्रिया में कोई भी बच्चा वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने को कहा गया। महिला एवं बाल विकास विभाग को पोषण ट्रैकर में सही एंट्री तथा गर्भवती महिलाओं का पंजीयन कर हाई रिस्क मामलों की पहचान कर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निर्माण कार्यों को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी कार्य का अनावश्यक एक्सटेंशन न दिया जाए, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जल गंगा जल संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों की पोर्टल पर नियमित अपडेटिंग के निर्देश दिए गए। 25 मई को जिले के ग्राम एवं वार्ड स्तर पर जल संरक्षण गतिविधियों के साथ श्रमदान किया जाएगा। जिला स्तर पर शिवना नदी में श्रमदान एवं शाम को आरती का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
