सतना: मछली पकड़ने के लिए तालाब में करेंट फैलाना एक व्यक्ति के लिए उस वक्त भारी पड़ गया जब करेंट की चपेट में आकर एक बालक की मौत हो गई। पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी ताला महेन्द्र मिश्रा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल को ग्राम कस्तरा निवासी विशेषर कोल द्वारा चौकी मुकुन्दपुर में सूचना दी गई कि उसके पुत्र विकाश कोल की मृत्यु मुरजुआ नाला, अष्टभुजी माता मंदिर मुकुन्दपुर के पास करंट लगने से हो गई है।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी कमलेश कोल पिता मइका कोल, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम कस्तरा द्वारा मछली पकड़ने के उद्देश्य से अवैध रूप से विद्युत ट्रांसफार्मर से तार जोड़कर नाले के पानी में करंट प्रवाहित किया गया था। जिसके चलते विकाश कोल उक्त स्थान से गुजरते समय विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना ताला पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कमलेश कोल (उम्र 55 वर्ष), निवासी ग्राम कस्तरा को गिरफ्तार कर लिया गया।
