फिल्म ‘एक दिन’ के लिए खास म्यूज़िकल इवेंट का ऐलान, 26 अप्रैल को मुंबई में सजेगी महफ़िल

मुंबई, 22 अप्रैल (वार्ता) आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘एक दिन’ के लिये 26 अप्रैल को मुंबई में खास म्यूज़िकल इवेंट आयोजित किया जायेगा।
इस फिल्म में साई पल्लवी और जुनैद खान की जोड़ी नजर आने वाली है। ट्रेलर और गानों की झलक सामने आने के बाद से ही फिल्म ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इसकी सादगी भरी कहानी और संगीत की झलक ने इसे पहले ही चर्चा में ला दिया है।इसी उत्साह को और बढ़ाने के लिए फिल्म के निर्माताओं ने एक खास म्यूज़िकल इवेंट ‘एक दिन की महफ़िल’ आयोजित करने का फैसला किया है। इंडस्ट्री सूत्रों के अनुसार ,यह विशेष कार्यक्रम 26 अप्रैल को मुंबई के एसएनडीटी कॉलेज, सांताक्रूज़ में आयोजित किया जाएगा। यह केवल एक प्रमोशनल इवेंट नहीं, बल्कि फिल्म के संगीत और उसकी भावनात्मक दुनिया को करीब से महसूस करने का एक अनोखा अवसर भी होगा।इस खास शाम में फिल्म के गानों को लाइव परफॉर्मेंस के जरिए पेश किया जाएगा, जिससे दर्शकों को एक अंतरंग और यादगार अनुभव मिलने की उम्मीद है।

इस इवेंट में आमिर खान, साई पल्लवी, जुनैद खान और फिल्म के संगीतकार राम संपत जैसे प्रमुख नामों के शामिल होने की संभावना है। उनकी मौजूदगी इस शाम को और भी खास बनाएगी, जहां संगीत और भावनाएं एक साथ मंच पर जीवंत होती नजर आएंगी। ‘एक दिन’ की एक और खास बात यह है कि इसके साथ आमिर खान और निर्देशक मंसूर खान की चर्चित जोड़ी एक बार फिर साथ काम कर रही है। इससे पहले यह जोड़ी ‘कयामत से कयामत तक’, ‘जो जीता वही सिकंदर’, ‘अकेले हम अकेले तुम’ और ‘जाने तू… या जाने ना’ जैसी यादगार फिल्में दे चुकी है। ऐसे में दोनों का दोबारा साथ आना फैंस के लिए बेहद खास माना जा रहा है।सुनील पांडे के निर्देशन में बनी इस फिल्म को आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। ‘एक दिन’ एक मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है और दर्शक इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Next Post

‘दो दीवाने सहर में’ को ओटीटी पर मिल रहे प्यार पर खुश हैं सिद्धांत चतुर्वेदी

Wed Apr 22 , 2026
मुंबई, 22 अप्रैल (वार्ता) अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ को ओटीटी पर मिल रहे दर्शकों के बेपनाह प्यार से बेहद खुश हैं। सिद्धांत चतुर्वेदी ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया पर एक दिल से लिखा हुआ नोट शेयर किया है। इस नोट के ज़रिए सिद्धांत ने […]

You May Like