सतना:नगर निगम द्वारा खरीदी गईं 25 और 60 वॉट की स्ट्रीट लाइटों के नॉन स्टैण्डर्ड होने की जांच के लिए बनी गुणवत्ता परीक्षण समिति की पहली बैठक विवादों में घिर गई. समिति से स्वतंत्र इलेक्ट्रिकल टेक्नीशियन को बाहर रखा गया, जबकि महापौर द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों में इनकी मौजूदगी अनिवार्य बताई गई थी. इस लापरवाही पर कड़ी आलोचना हुई, फिर भी समिति की बैठक बिना विशेषज्ञों के आयोजित कर दी गई.
पार्षद मनीष टेकवानी ने पुरानी टेस्ट रिपोर्टों पर आधारित बचाव को खारिज करते हुए वास्तविक गुणवत्ता परीक्षण की मांग की. बैठक में स्ट्रीट लाइट सप्लायर संविदाकार भी अनुपस्थित रहे. टेकवानी द्वारा कंपनी से संपर्क में यह सामने आया कि सप्लाई स्थानीय डीलर ने की है, जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठे. अब इंदौर स्थित राज्य डीलर से जांच कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है. महापौर ने अगली बैठक में विशेषज्ञों को शामिल करने की बात कही है.
