इंदौर:जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है. कार के सामने खड़े होकर रास्ता रोकने का विरोध करने पर एक युवक ने व्यक्ति के साथ गाली गलौज करते हुए हाथ मुक्कों से मारपीट कर दी. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.48 वर्षीय अनूप नवलानी निवासी प्रेम नगर दोपहर करीब 1.30 बजे अपने घर जा रहे थे.
जब वे पलसीकर कॉलोनी स्थित गोल बगीचे के पास पहुंचे, तभी नितेश थारवानी नामक युवक अचानक उनकी कार के सामने आकर खड़ा हो गया और रास्ता रोक लिया. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उन्होंने आरोपी से कार के सामने से हटने को कहा, लेकिन इस पर आरोपी भड़क गया और मां बहन की अश्लील गालियां देने लगा. जब पीड़ित ने गाली-गलौज का विरोध किया तो आरोपी ने हाथ मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे अनूप नवलानी के दाहिने गाल पर चोट आई.
घटना के दौरान मौके पर मौजूद परशराम चिमनानी और सुनील सतवानी ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया. इसी दौरान आरोपी ने पीड़ित को धमकाते हुए कहा कि अगर वह दोबारा इस इलाके में आया तो उसे जान से खत्म कर देगा. घटना के बाद पीड़ित थाने पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई. थाना प्रभारी अनिल गुप्ता का कहना है कि पुलिस ने आरोपी नितेश थारवानी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
