मुंबई, 22 अप्रैल (वार्ता) अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ को ओटीटी पर मिल रहे दर्शकों के बेपनाह प्यार से बेहद खुश हैं। सिद्धांत चतुर्वेदी ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया पर एक दिल से लिखा हुआ नोट शेयर किया है। इस नोट के ज़रिए सिद्धांत ने बताया है कि वह लगातार अपने डीएम, टैग्स और फैन एडिट्स देख रहे हैं और यह उनके लिए बेहद खूबसूरत एहसास है कि लोग इस कहानी से इतना गहरा जुड़ाव महसूस कर रहे हैं।
बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो के साथ उन्होंने लिखा है, “प्यार परफेक्ट होने में नहीं… साथ निभाने में है, और प्यार की तलाश में, उस इंसान में अपने ही टूटे हुए हिस्से को ढूंढ लेना… जो आपकी तरह ही अधूरा है, लेकिन फिर भी उसमें आपको सिर्फ रोशनी दिखती है, तो यह खूबसूरत एहसास है।हमारी फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ में शशांक और रोशनी दोनों अपनी-अपनी कमियों के साथ जी रहे हैं, बिना यह जाने कि उन्हें स्वीकार किया जाएगा या नहीं… थोड़े खोए हुए, थोड़े लेटलतीफ़, और प्यार की भाषा को लेकर थोड़े अनजान। लेकिन यही चीज उन्हें खास बनाती है।
ना बड़े-बड़े इशारे, ना मेलोड्रामा… बल्कि शब्दों के बीच की खामोशी, पकड़ने से पहले की झिझक, और यह छोटी-सी उम्मीद कि शायद… वे एक-दूसरे के लिए काफी हैं।यह फिल्म ‘हमेशा’ का वादा नहीं करती… यह आपको उसकी तलाश में छोड़ देती है… और उसी तलाश में, इस शहर की टूटी-फूटी रफ्तार के बीच, यह हमें स्वीकार करना सिखाती है।आप सभी का धन्यवाद, जिन्होंने इस फिल्म को इतने प्यार से अपनाया। मैं आपके सभी मैसेज, टैग्स और एडिट्स देख रहा हूँ… यह बहुत खास है कि आप इस कहानी में खुद को ढूंढ पा रहे हैं। और मैं उम्मीद करता हूँ कि हर शशांक… अपने समय पर, धीरे-धीरे… अपनी रोशनी पा ले।”

