मानदेय वृद्धि की मांग पर आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

छतरपुर। जिला मुख्यालय के अटल सभागार में शनिवार को आशा पर्यवेक्षक एवं आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबित मांगों और मानदेय वृद्धि को लेकर प्रदर्शन किया। भारतीय मजदूर संघ जिला इकाई के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों ने धरना देने के बाद शहर में रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मानदेय बढ़ाने, नियमित कर्मचारियों की तरह सुविधाएं देने और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बुंदेला और जिला मंत्री डॉ. राजेंद्र सिंह ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं को मिलने वाली 6,253 रुपये तथा आशा पर्यवेक्षकों को मिलने वाली 15,633 रुपये की प्रोत्साहन राशि में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के अनुसार वार्षिक वृद्धि का लाभ अब तक नहीं दिया गया है। उन्होंने सितंबर 2023 से प्रति वर्ष एक हजार रुपये की वृद्धि लागू कर उसका एरियर देने की मांग की। साथ ही पुराने मोबाइल फोन अनुपयोगी होने के कारण सभी आशा कार्यकर्ताओं और पर्यवेक्षकों को नए 5जी स्मार्टफोन उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक माह की 5 तारीख तक मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने आशा पर्यवेक्षकों के लिए 3,000 रुपये प्रतिमाह परिवहन भत्ता (कन्वेंशन अलाउंस) निर्धारित करने की भी मांग की। उनका कहना है कि उन्हें 10 से 15 गांवों में नियमित भ्रमण करना पड़ता है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ता है। उन्होंने कहा कि उनकी मांगों पर लंबे समय से निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष है।

प्रदर्शन में पप्पी राजा बुंदेला, छाया तिवारी, पुष्पा पटेल, सुनीता तिवारी, साधना राजपूत, शीला अहिरवार, अर्चना पाठक, शशिप्रभा यादव, गायत्री पाठक, वंदना खरे, अनीता रैकवार, सविता यादव, पूजा अवस्थी और गीता अहिरवार सहित जिलेभर की आशा कार्यकर्ता एवं पर्यवेक्षक शामिल रहीं। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो भविष्य में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Next Post

डिजिटल मीडिया से दूरी और अयोध्या यात्रा दिग्विजय सिंह ने किया नई जनसंपर्क रणनीति का ऐलान

Sat Jul 18 , 2026
भोपाल। राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ का उपयोग बंद करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि अब वे सोशल मीडिया के बजाय सीधे लोगों के बीच जाकर संवाद को प्राथमिकता देंगे। इसी क्रम में उन्होंने अपना व्यक्तिगत मोबाइल फोन भी […]

You May Like