
शुजालपुर। जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा पूजा विवाह के तुरंत बाद दुल्हन के जोड़े में ही व्यक्तित्व विकास विषय की परीक्षा देने पहुंच गईं. शिक्षा के प्रति समर्पण की यह अनोखी मिसाल क्षेत्रभर में चर्चा का विषय बन गई है.
जानकारी के अनुसार ग्राम रामड़ी तहसील कालापीपल निवासी पूजा पिता हरिप्रसाद का विवाह 27 अप्रैल की रात को संपन्न हुआ. शादी की रस्में पूरी होने के बाद विदाई लेकर वह सीधे परीक्षा केंद्र पहुंचीं और समय पर परीक्षा में शामिल हो गईं. दुल्हन के पारंपरिक परिधान में भी उनका आत्मविश्वास और एकाग्रता देखने लायक रही. परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्ष डॉ. प्रवीणा धारीवाल सहित डॉ. बी के त्यागी, डॉ. आशीष यादव एवं डॉ. सुनील कुमार मित्तल ने बताया कि छात्रा ने पूरी गंभीरता और अनुशासन के साथ परीक्षा दी. उन्होंने इसे शिक्षा के प्रति जिम्मेदारी और दृढ़ संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण बताया. छात्रा के इस कदम ने न केवल महाविद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश दिया है. स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों ने पूजा के इस कदम की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया.
