
इंदौर। धुलेंडी और रमजान को देखते हुए शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया। देर रात तक चले इस अभियान में गुंडे, बदमाशों और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ करते हुए कुल 515 लोगों पर वैधानिक कार्रवाई की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 346 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन जब्त किए गए, वहीं 34 से अधिक वारंट भी तामील कराए गए।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) अमित सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में शहर के चारों जोन में डीसीपी के नेतृत्व में संयुक्त कार्रवाई की गई। 3 मार्च की रात वरिष्ठ अधिकारियों व थाना प्रभारियों के साथ पुलिस बल ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, पेट्रोलिंग और सरप्राइज चेकिंग की।
अभियान के दौरान विभिन्न प्रकरणों में वांछित 34 से अधिक वारंट तामील किए गए, जिनमें 2 स्थाई, 9 गिरफ्तारी और 23 जमानती वारंट शामिल हैं। लंबे समय से फरार आरोपियों को भी दबोचा गया।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष सख्ती बरतते हुए 346 चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा ब्लैक फिल्म लगाकर चल रहे 23 चार पहिया वाहनों की फिल्म उतरवाकर चालानी कार्रवाई की गई।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध 47 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि अवैध मादक पदार्थ सेवन के 6 मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई हुई। अवैध हथियार लेकर घूम रहे एक बदमाश को आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया गया।
अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 156 से अधिक क्वार्टर देशी शराब और 38 बीयर बोतलें जब्त की गईं। वहीं द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में संगीता नामक महिला तस्कर से 2.2 किलोग्राम गांजा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
आदतन अपराधियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं में 72 बदमाशों के विरुद्ध समंस तामील कर पाबंद किया गया।
पुलिस ने हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन पेट्रोलिंग के माध्यम से निगरानी रखी। संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर निगरानीशुदा बदमाशों, जिलाबदर एवं रासुका के आरोपियों को चेक कर सख्त हिदायत दी गई। कई फरार आरोपी भी गिरफ्त में आए हैं, जिनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस का कहना है कि त्योहारी सीजन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की सघन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
