
बीना। शहर के आगासौद रोड स्थित डबल फाटक के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहा था। जानकारी के मुताबिक बाइक सवार रामगोपाल पिता रामभरोसी अहिरवार(29) निवासी बारधा थाना बीना जो अपनी ससुराल बीना के कालूखेड़ी गांव में करीब एक हफ्ते से रुका हुआ था। ससुराल में साले की शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपनी बाइक क्रमांक एमपी 15 एम एल 8281 से अपने गांव लौट रहा था कि आगासौद रोड पर स्थित डबल फाटक के पास बीना तरफ से आ रही कार क्रमांक एमपी 67 सी 7470 के चालक ने तेज और लापरवाही से कार चलाते हुए बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। जिसकी घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव का सिविल अस्पताल में पीएम कराया।पीएम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक रामगोपाल अहिरवार के रिश्तेदार रघुवर अहिरवार ने बताया कि युवक अपनी ससुराल से लौट रहा था तभी कार ने उसे टक्कर मार दी।जिसमें युवक की मौत हो गई।कार चालक मौके से भाग निकला। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी हम लोगों को दी। घटना की सूचना के बाद हम लोग घटना स्थल पर पहुंचे थे।
