लोहे के बक्से में बंद मिला चीतल का मांस, एक गिरफ्तार

सीधी। संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र के वस्तुआ परिक्षेत्र में चीतल के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने डॉग स्क्वॉड की मदद से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से चीतल का पका हुआ मांस बरामद हुआ, जिसे लोहे के बक्से में बंद करके रखा गया था। कार्रवाई शुक्रवार रात करीब 11 बजे की गई। प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड ने गंध के आधार पर सीधे आरोपी के घर तक पहुंचकर टीम को महत्वपूर्ण सुराग दिया। आरोपी ने मांस की गंध को फैलने से रोकने के लिए उसे पकाने के बाद लोहे की पेटी में बंद कर दिया था, लेकिन डॉग स्क्वॉड की सूंघने की क्षमता के सामने यह तरीका काम नहीं आया।

 

लोहे के पेटी के अंदर रखा था मांस-

 

वन विभाग की टीम ने आरोपी के घर पर पहुंचकर लोहे की पेटी खुलवाई, जहां से चीतल का मांस जब्त किया गया। इस दौरान आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए। कार्रवाई में लाल बहादुर बैगा, पिता राधे बैगा, निवासी कंचपनेच टोला, कंचनपुर, जिला सीधी को गिरफ्तार किया गया है।

वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया है। विभाग के अनुसार, इस मामले में कुल चार आरोपी शामिल हैं। एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई परिक्षेत्र अधिकारी कैलाश बामनिया, वस्तुआ के नेतृत्व में की गई, जिसमें बस्तुआ एवं दुबरी परिक्षेत्र के वन अमले की विशेष भूमिका रही।

 

इनका कहना है-

 

वन्यप्राणियों के अवैध शिकार की रोकथाम के लिए वन विभाग लगातार छापेमारी और निगरानी कर रहा था। चीतल के शिकार से जुड़े इस मामले में डॉग स्क्वॉड की सहायता ली गई। प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड ने गंध के आधार पर सीधे आरोपी के घर तक पहुंचकर टीम को महत्वपूर्ण सुराग दिया।

 

– राजेश कन्ना टी , डीएफओ संजय टाइगर रिजर्व सीधी

Next Post

स्वतंत्रता दिवस समारोह में बैंड बजाते समय पुलिसकर्मी बेहोश, अस्पताल में भर्ती

Sat Aug 15 , 2026
चेन्नई, 15 अगस्त (वार्ता) तमिलनाडु में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शनिवार को बैंड दल में शामिल 56 वर्षीय एक पुलिसकर्मी सीने में तेज दर्द के बाद अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। पुलिसकर्मी की पहचान धर्मराज के रूप में हुई है। वह फोर्ट सेंट जॉर्ज की प्राचीर पर आयोजित स्वतंत्रता […]

You May Like