चेन्नई, 15 अगस्त (वार्ता) तमिलनाडु में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शनिवार को बैंड दल में शामिल 56 वर्षीय एक पुलिसकर्मी सीने में तेज दर्द के बाद अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा।
पुलिसकर्मी की पहचान धर्मराज के रूप में हुई है। वह फोर्ट सेंट जॉर्ज की प्राचीर पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में बैंड दल के साथ प्रस्तुति दे रहे थे। यह घटना उस समय हुई जब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया था और इसके बाद समारोह की औपचारिक कार्यवाही चल रही थी।
अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद श्री धर्मराज बेहोश होकर गिर पड़े। उनके साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें संभाला और प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया।
बेहोशी की हालत में उन्हें एंबुलेंस में ले जाया गया, जहां एक नर्स ने आपात स्थिति को देखते हुए तत्काल सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया। इसके बाद श्री धर्मराज को चेन्नई के राजीव गांधी सरकारी सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती किया गया।
फिलहाल उनका अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में उपचार चल रहा है। बताया गया है कि उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं।
