
लोकेशन: जम्मू-कश्मीर | महाराष्ट्र | केरल देश के कई राज्यों में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और केरल में भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई इलाकों में बाढ़, भूस्खलन और जलभराव जैसी स्थिति बन गई है, जबकि प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बादल फटने की घटना सामने आई है। तेज बहाव के साथ आए मलबे में कई वाहन दब गए और आसपास के इलाकों में भारी नुकसान हुआ। प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चला रहे हैं।
प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया जा रहा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पिछले 48 घंटों के दौरान करीब 15 इंच बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए एहतियातन कई स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला किया गया है।
उधर केरल के वायनाड जिले में भारी बारिश के चलते भूस्खलन की घटना हुई है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। राहत और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
