इंदौर:शहर के प्रतिष्ठित होलकर विज्ञान महाविद्यालय में देर रात एक अफवाह ने हड़कंप मचा दिया. कॉलेज की प्राचार्या के आकस्मिक निधन की झूठी सूचना सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में कॉलेज के दो छात्रों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने व्हाट्सएप पर फर्जी संदेश बनाकर छात्रों के बीच फैलाया था.
भंवरकुआं थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताय कि मामला धारा 336(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है.
शासन की ओर से कार्रवाई उपनिरीक्षक नीलमणि ठाकुर द्वारा की गई. जांच में सामने आया कि हिमांशु जायसवाल, जो बीसीए तृतीय सेमेस्टर, सेक्शन एम-18 का छात्र है, ने यह झूठी सूचना तैयार कर कॉलेज के विद्यार्थियों के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में भेजी. संदेश में लिखा था कि प्राचार्या का आकस्मिक निधन हो गया है और इसके चलते कॉलेज की ऑनलाइन सीसीई परीक्षा व सभी क्लासेस स्थगित कर दी गई हैं.
जब कॉलेज प्रबंधन तक यह बात पहुंची, तो जांच में स्पष्ट हुआ कि खबर पूरी तरह कूटरचित और भ्रामक थी. पुलिस पूछताछ में हिमांशु ने बताया कि यह मैसेज उसे मयंक कछावा, जो उसी कक्षा का छात्र है और विजय नगर स्कीम नंबर 78 का निवासी है, ने व्हाट्सएप के जरिए भेजा था. इसके बाद दोनों छात्रों को आरोपी बनाया है. थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने कहा कि इस तरह की फर्जी खबरें फैलाकर शासकीय कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या इस प्रकरण में अन्य छात्र भी शामिल थे या नहीं.
