
जबलपुर। जस्टिस संजीव सचदेवा मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस बनाए गए हैं। सोमवार को केंद्र सरकार ने नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है।
चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत के रिटायर होने के बाद अब तक जस्टिस संजीव सचदेवा एक्टिंग चीफ जस्टिस थे। 30 मई 2024 को इनका दिल्ली हाईकोर्ट से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में ट्रांसफर हुआ था। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश हाइकोर्ट को एक और जज दिया है। जस्टिस विवेक कुमार सिंह की मध्यप्रदेश में नियुक्ति की गई है। वे अभी मद्रास हाईकोर्ट में हैं, जिनका ट्रांसफर जबलपुर किया गया है। अब मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में जजों की संख्या बढ़कर 34 हो गई हैं।
जस्टिस संजीव सचदेवा के बारे में जानिए –
संजीव सचदेवा का जन्म 26 दिसंबर 1964 को दिल्ली में हुआ था। दिल्ली से ही उन्होंने कॉमर्स में ग्रेजुएट किया।1988 में वे दिल्ली बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकित हुए।1995 में सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड के रूप में योग्यता प्राप्त की। उन्होंने आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट से लेकर दिल्ली, रांची समेत दूसरे शहरों में वकीलों को प्रशिक्षण भी दिया।
20 सालों तक सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया के स्थायी वकील रहे। 2013 में दिल्ली हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया।
18 मार्च 2015 को स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्त हुए।
