ब्राजील की कंपनी एम्ब्रेयर के विमानों को डीजीसीए से मिला टाइप प्रमाणन

नयी दिल्ली, 07 जुलाई (वार्ता) ब्राजील की विमान बनाने वाली कंपनी एम्ब्रेयर के ई-जेट्स को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से टाइप प्रमाणन मिल गया है। ई-जेट्स परिवार में एम्ब्रेयर के ई190, ई195 और ई195-ई2 विमान शामिल हैं। ई195-ई2 सबसे कम ध्वनि प्रदूषण करने वाला और सबसे अधिक ईंधन-कुशल छोटे नैरोबॉडी विमानों में से एक है। डीजीसीए से मिले प्रमाणन के बाद अब भारत में इन विमानों के परिचालन का रास्ता साफ हो गया है। एम्ब्रेयर में एशिया-प्रशांत क्षेत्र (वाणिज्यिक विमानन) के प्रमुख एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) राउल विलारोन ने कहा, “हम एम्ब्रेयर के विमानों को टाइप प्रमाणन प्रदान किये जाने का स्वागत करते हैं और डीजीसीए को उसके व्यापक एवं गहन मूल्यांकन के लिए धन्यवाद देते हैं।

उत्कृष्ट प्रदर्शन, बेहतर परिचालन लागत और यात्रियों के लिए उच्च स्तर के आराम के साथ एम्ब्रेयर के ई-जेट्स भारत में क्षेत्रीय विमानन को नयी दिशा देंगे और सरकार की ‘उड़ान’ योजना को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे।” कंपनी ने बताया कि अब तक दुनिया भर में ई-जेट्स की 1,900 से अधिक डिलीवरी हो चुकी हैं। दुनिया के 50 से अधिक देशों में 80 से अधिक विमान सेवा कंपनियां इनका परिचालन कर रही हैं। ई195-ई2 की परिचालन लागत कम है और यह वर्तमान में सेवा में मौजूद सबसे अधिक ईंधन-कुशल छोटे नैरोबॉडी विमानों में से एक है। इसमें आधुनिक दो गुना दो सीटिंग व्यवस्था है, जिसमें बीच की सीट नहीं होती और बड़े ओवरहेड स्टोरेज बिन होते हैं।

भारत में एम्ब्रेयर के ई175 को पहले ही टाइप प्रमाणन प्राप्त हो चुका है और इसका संचालन स्टार एयर द्वारा किया जा रहा है। फरवरी 2026 में अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस और एम्ब्रेयर ने ई175 विमानों के लिए फाइनल असेंबली लाइन की स्थापना करने के लिए एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किये थे। एम्ब्रेयर में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (बिक्री) आदित्य शेखर ने कहा, “ई-जेट्स लगभग सात घंटे तक की उड़ान क्षमता और ऐसी प्रदर्शन क्षमता प्रदान करता है, जिससे यह छोटे रनवे या कम पक्की सतह वाले चुनौतीपूर्ण हवाई अड्डों से भी सफलतापूर्वक संचालन कर सकता है। यह प्रमाणन हमें उन विमान सेवा कंपनियों को अपने नेटवर्क का विस्तार करने और ऐसे नये मार्ग शुरू करने में सहयोग करने में सक्षम बनायेगा, जिनकी जरूरत बड़े नैरोबॉडी विमानों की नहीं है, लेकिन उनकी उड़ानें टर्बोप्रॉप विमानों की उड़ान सीमा से ज्यादा लंबी हैं।” वर्तमान में देश में एम्ब्रेयर के 11 विभिन्न मॉडलों के लगभग 50 विमान वाणिज्यिक विमानन, रक्षा और बिजनेस एविएशन क्षेत्रों में परिचालन कर रहे हैं। स्टार एयर के बेड़े में एम्ब्रेयर के 11 ई175 और ईआरजे145 विमान शामिल हैं।

.....

Next Post

स्कूट का थीमैटिक सेल, किराया 10,500 रुपये से

Tue Jul 7 , 2026
नयी दिल्ली, 07 जुलाई (वार्ता) सिंगापुर एयरलाइंस की कम लागत वाली इकाई स्कूट ने मंगलवार को जुलाई थीमैटिक सेल की घोषणा की जिसके तहत किराया 10,500 रुपये से शुरू है। कंपनी बताया कि टिकटों की बुकिंग 07 जुलाई से 12 जुलाई के बीच करायी जा सकती है। इस दौरान ग्राहक […]

You May Like