
जबलपुर। तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से मौसम की रंगत बदल गई है। दिन में धूप ठंड से राहत दे रही है लेकिन रातें अब भी ठंडी है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में दिन का तापमान 23-24.5 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 11.5 -12.6 डिग्री सेल्सियस रहने और हल्के बादल एवं पूर्व दिशा से हवा आने की संभावना है। आने वाले 2 हफ्तों में पूर्वी मध्य प्रदेश में वर्षा नहीं होने के साथ दिन का तापमान सामान्य से कम, एवं रात का तापमान आगामी हफ्ते में सामान्य से अधिक रहेगा। शनिवार को अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री पर पहुंच गया । सुबह के वक्त आद्रता 88 और शाम को 50 प्रतिशत दर्ज की गई। दक्षिण-पश्चिमी चार से पांच किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। मौसम विभाग की माने तो वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर अफगानिस्तान एवं निकटवर्ती के क्षेत्रों पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में माध्य समुद्र तल से लगभग 3.1 से 7.6 किमी की ऊँचाई पर स्थित है, जो ऊँचाई के साथ उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है। इससे संबद्ध प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण माध्य समुद्र तल से लगभग 1.5 किमी की ऊँचाई पर मध्य पाकिस्तान के ऊपर स्थित है। एक टूफ, मध्य पाकिस्तान में स्थित चक्रवाती परिसंचरण से पंजाब एवं हरियाणा होते हुए उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक समुद्र तल से लगभग 1.5 किमी की ऊँचाई पर विस्तारित है। उत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से लगभग 12.6 किमी की ऊँचाई पर, लगभग 213 किमी प्रति घंटा की गति से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाए बह रही है। एक नवीन पश्चिमी विक्षोभ के 2 फरवरी की रात्रि से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। एक अन्य नवीन पश्चिमी विक्षोभ के 5 फरवरी 2026 की रात्रि से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।
