15 को संयुक्त राष्ट्र पहला विश्व तुर्की भाषा परिवार दिवस मनाएगा

15 को संयुक्त राष्ट्र पहला विश्व तुर्की भाषा परिवार दिवस मनाएगा

नयी दिल्ली 14 दिसंबर (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र के सांस्कृतिक संगठन यूनेस्को ने समरकंद की आम सभा में 15 दिसंबर को हर साल विश्व तुर्की भाषा परिवार दिवस मनाने का फैसला लिया है। यह समारोह तुर्की भाषा बोलने वाले लोगों की साझा भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को उजागर करता है और बहुभाषावाद और सांस्कृतिक विविधता के प्रति यूनेस्को की व्यापक प्रतिबद्धता को दृढ़ करता है। तुर्की भाषा परिवार में अजरबैजानी, कजाख, किर्गिज, तुर्की, तुर्कमेन, उज्बेक जैसी कई भाषाएं शामिल हैं। इसे करीब एक करोड़ 20 लाख वर्ग किलोमीटर के दायरे में 20 करोड़ से ज्यादा लोग बोलते हैं। इसलिए सोमवार को पहली बार इसे मनाने की तैयारी में संगठन जुटा है। यूनेस्को का मानना है कि इन भाषाओं में एक समृद्ध लिखित विरासत, मजबूत मौखिक परंपराएं और कई सदस्य देशों में फैली विविध सांस्कृतिक प्रथाएं सन्निहित हैं।

तुर्की भाषा दिवस की घोषणा अजरबैजान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, तुर्किये और उज्बेकिस्तान के संयुक्त अनुरोध के बाद की गई है। इसे 21 सदस्य देशों का समर्थन मिला। इसे मनाने के लिए 15 दिसंबर की तारीख चुनने के पीछे भाषा विज्ञान के इतिहास का खास दिन होना है। इसी दिन 1893 में डेनिश भाषाविद् विल्हेम थॉमसन ने घोषणा की थी कि उन्होंने ओरखोन शिलालेखों की वर्णमाला को समझ लिया है, जो तुर्की भाषा परिवार के सबसे पुराने ज्ञात लिखित रिकॉर्ड में से एक है। उनकी इस खोज ने एक ऐसी भाषाई परंपरा को गहराई से समझने का रास्ता खोला, जो आज यूरेशिया के दर्जनों समुदायों को आपस में जोड़ती है।

Next Post

लोक अदालत में बिजली उपभोक्ताओं को 9 करोड़ से अधिक की राहत, 14 हजार से ज्यादा प्रकरणों का निराकरण

Sun Dec 14 , 2025
भोपाल। नेशनल लोक अदालत में मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र अंतर्गत भोपाल एवं ग्वालियर संभाग के 16 जिलों में बिजली संबंधी 14 हजार 328 प्रकरणों का शनिवार को निराकरण किया गया। इस दौरान विद्युत उपभोक्ताओं को 9 करोड़ 2 लाख 5 हजार रुपये से अधिक की छूट […]

You May Like