
सागर।जिला कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बम्होरी (57410138), तहसील केसली के प्रबंधक सचेंद्र कुमार जैन को उपार्जन कार्य में अनियमितता के संबंध में उपसंचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के केसली क्षेत्र भ्रमण के दौरान चना एवं मसूर उपार्जन केन्द्र के निरीक्षण के दौरान कृषकों की उपज की तुलाई निर्धारित मापदंड से अधिक की गई है। निरीक्षण के दौरान बोरियों की पुनः तुलाई कराए जाने पर चना/मसूर की मात्रा 50.720 किलोग्राम से 50.740 किलोग्राम पाई गई, जबकि जूट बारदाने के अनुसार अधिकतम 50.580 किलोग्राम तक ही तुलाई निर्धारित है। इस प्रकार प्रत्येक बोरी में लगभग 140 से 160 ग्राम अतिरिक्त मात्रा में तुलाई की गई है, जो निर्धारित नियमों का उल्लंघन है। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए संबंधित प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस दिया गया तथा दो दिवस के भीतर स्पष्टिकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। स्पष्टिकरण संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने परसंबंधित समिति को उपार्जन कार्य से पृथक करने तथा ब्लैकलिस्टेड श्रेणी में रखने की कार्रवाई की जाएगी।
