
भोपाल:पुलिस आईटीआई जहांगीरराबाद में जिला कौशल समिति की समीक्षा बैठक सोमवार को आयोजित की गई. जिसकी अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ ने की. इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत इला तिवारी ने कहा कि वर्तमान औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को कौशलयुक्त बनाकर उन्हें सीधे रोजगार एवं स्वरोजगार से जोडऩा जिला प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा को पूरी तरह व्यावहारिक तथा उद्योगों की मांग के अनुरूप विकसित किया जाए, ताकि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें.
साथ ही तिवारी ने निर्देश दिए कि सतगढ़ी में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क की आवश्यकताओं के अनुरूप निकटवर्ती आईटीआई संस्थानों में नए ट्रेड प्रारंभ किए जाएं तथा उनके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए. उन्होंने उद्योगों का सर्वे कर स्किल गैप एनालिसिस कराने और प्रशिक्षणार्थियों के नियमित इंडस्ट्री विजिट सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक औद्योगिक कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके. बैठक में एआईजी एवं प्राचार्य अंशुमन अग्रवाल, प्राचार्य विवेक सिंह, सपना तिवारी तथा जिला कौशल विकास, उद्योग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
