भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम-2026 में स्कूल चले अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह अभियान 1 से 4 तारीख तक पूरे प्रदेश में एक साथ संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर बच्चे को स्कूल से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सुविधा देने के लिए अगले 3-4 महीनों में 4 लाख बच्चों को साइकिलें वितरित की जाएंगी। विद्यार्थियों को किताबें, गणवेश के लिए राशि सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में ड्रॉपआउट दर को शून्य तक लाना बड़ी उपलब्धि है।
सीएम ने बताया कि कुल नामांकन में 19.6 प्रतिशत और शासकीय स्कूलों में 32.4 प्रतिशत वृद्धि हुई है। नई शिक्षा नीति-2020 के तहत 49 नई हिंदी किताबें तैयार कर 69 जनजातीय क्षेत्रों में वितरित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि 75% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को लैपटॉप और टॉपर्स को स्कूटी देने की योजना भी लागू है। प्रदेश में 76,325 शिक्षकों की नियुक्ति के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर बच्चा स्कूल जाए और अपने जीवन में आगे बढ़े।
