सतना: संसद के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को संसद भवन के मकर द्वार पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सांसदों ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सतना सांसद गणेश सिंह सहित कई सांसदों ने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। सांसद गणेश सिंह द्वारा जारी बयान में कहा कि केंद्र सरकार नीट पेपर लीक प्रकरण सहित सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर संसद में चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन विपक्ष जानबूझकर सदन की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं की भावनाओं का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है तथा बच्चों को मुद्दा बनाकर अनावश्यक गतिरोध पैदा कर रही है। सांसद गणेश सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक जैसी घटनाओं को गंभीरता से लिया है और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की जांच तेज गति से आगे बढ़ रही है और सरकार पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
उनका कहना था कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों में राजनीति करने के बजाय सभी दलों को छात्रों के हित में सकारात्मक सहयोग करना चाहिए। धरने के दौरान एनडीए सांसदों ने विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि बार-बार हंगामे के कारण संसद की कार्यवाही प्रभावित हो रही है, जिससे जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विधायी कार्य और चर्चाएं बाधित हो रही हैं।
