
इंदौर। बड़वानी जिले में मंगलवार दोपहर जुलवानिया टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार टैंकर और कार की आमने सामने टक्कर में 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. सभी युवक एक बारात से लौट रहे थे.
पुलिस के अनुसार दोपहर करीब 2:30 बजे रास्ते में एक वाहन का डीजल खत्म होने पर कुछ युवक दूसरी कार से डीजल लेने निकले थे. इसी दौरान खरगोन की ओर से आ रहे टैंकर ने कार को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक अंदर फंस गए. घटना की सूचना मिलते ही जुलवानिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद घायलों व मृतकों को बाहर निकाला. घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया था, जहां इलाज के दौरान दो और युवकों की मौत हो गई. जुलवानिया पुलिस ने बताया कि टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है. वाहन जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश के साथ ही पूरे मामले की जांच जारी है.
हादसे में 25 वर्षीय सचिन गोकुल वास्कले, 25 वर्षीय प्रद्युम्न सहते, 29 वर्षीय पप्पू, 25 वर्षीय आकाश और 30 वर्षीय यशवंत सुपड़िया की मौत हो गई, जबकि 28 वर्षीय सुरेश और 28 वर्षीय सोहन गंभीर रूप से घायल हैं.
