सिंगरौली: सिंगरौली पुलिस ने सीएम हेल्पलाइन 181 के तहत शिकायतों के निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल किया है। 20 अप्रैल 2026 को जारी जिलेवार ग्रेडिंग में जिले को 88.83 प्रतिशत वेटेज स्कोर के साथ ‘ए’ ग्रेडिंग प्राप्त हुई। यह उपलब्धि पुलिस की सक्रिय कार्यशैली और शिकायतों के त्वरित समाधान का परिणाम मानी जा रही है।
माह मार्च 2026 के दौरान कुल 1271 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1132 शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण किया गया।
पुलिस टीम द्वारा प्रत्येक शिकायतकर्ता से संपर्क कर उनकी समस्याओं को समझा गया और समयबद्ध तरीके से समाधान किया गया। इससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और संतुष्टि का स्तर बढ़ा है।शिकायतों में जमीनी विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद, आपसी लेनदेन और महिला संबंधी मामलों की संख्या अधिक रही। अधिकांश मामलों का समाधान लेवल-1 पर ही कर लिया गया, जबकि शेष शिकायतों को लेवल-2 और लेवल-3 पर निराकृत किया गया।थाना और चौकी स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला। कई इकाइयों ने 85 प्रतिशत से अधिक वेटेज स्कोर हासिल किया।
