विदेशी दोस्त के नाम पर महिला से धोखाधड़ी

जबलपुर। साइबर ठगों ने एक महिला को अपनी जालसाजी का शिकार बनाते हुए करीब पौने दो लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती की और फिर मनी लॉन्ड्रिंग के केस में फंसने का डर दिखाकर इमोशनल ब्लैकमेल किया। हनुमानताल पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस मिली जानकारी के अनुसार बड़ी खेरमाई खटीक मोहल्ला निवासी 36 वर्षीय पूनम पोरिया की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से इनो चुन्हा नामक व्यक्ति से हुई थी। खुद को विदेशी बताने वाले इस शख्स ने पूनम को विश्वास में ले लिया। 16 अप्रैल को आरोपी ने पूनम को फोन किया और रोते हुए बताया कि वह भारत आ चुका है, लेकिन मुसीबत में है। उसने झांसा दिया कि वह मुंबई एयरपोर्ट पर फंस गया है क्योंकि उसके पास दस्तावेज अधूरे हैं और विदेशी मुद्रा निर्धारित सीमा से अधिक है। जालसाजों ने इस कहानी को सच बताने के लिए एक महिला को भी शामिल किया। खुद को मुंबई एयरपोर्ट की अधिकारी बताने वाली इस महिला ने पूनम को कॉल कर धमकाया कि यदि विदेशी मुद्रा को भारतीय मुद्रा में बदलने के लिए एक्सचेंज फीस जमा नहीं की गई, तो उनके विदेशी दोस्त पर मनी लॉन्ड्रिंग का गंभीर केस दर्ज हो जाएगा। घबराहट में आकर पूनम ने ठगों के बताए अनुसार यूपीआई के जरिए पांच किस्तों में कुल 1,85,500 रुपये फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामला दर्ज कर अब उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है जिसमें पैसे ट्रांसफर हुए हैं, साथ ही साइबर सेल की मदद से कॉलिंग लोकेशन भी ट्रेस की जा रही है।

Next Post

पुलिस ने युवक को पीटा, वीडियो वायरल 

Fri Apr 17 , 2026
जबलपुर। गोरखपुर थाना अंतर्गत रामपुर चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक में अमरनाथ यात्रा के पंजीकरण के दौरान मचे हंगामे के बाद घमापुर निवासी एक युवक ने पुलिस कर्मियों पर बंद कमरे में बर्बरतापूर्वक पिटाई करने और घंटों अवैध हिरासत में रखने के आरोप लगाया हैं। मामले से जुडा वीडियो भी […]

You May Like