
जबलपुर। शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं प्रदान करने और आगामी ऋतुओं की चुनौतियों से निपटने के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू ने स्वास्थ्य एवं जल विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस मैराथन बैठक में ग्रीष्मकाल में पेयजल आपूर्ति और वर्षाकाल में जलप्लावन रोकने के लिए कई बड़े निर्णय लिए गए।
शहर की स्वच्छता रैंकिंग सुधारने और रात्रि सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए महापौर ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा है कि मुख्य स्वच्छता निरीक्षकों और स्वास्थ्य अधिकारियों को फील्ड पर भेजकर नाइट स्वीपिंग की आकस्मिक जांच कराई जाएगी। साथ ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। महापौर ने ये भी स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अगले माह 80 नई सीएनजी कचरा गाड़ियां निगम के बेड़े में शामिल की जाएंगी। साथ ही मशीनों और सफाई मित्रों की संख्या में भी वृद्धि की जा रही है।
जल संकट से निपटने की तैयारी
भीषण गर्मी में नागरिकों को बूंद-बूंद पानी के लिए न तरसना पड़े, इसके लिए महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि पाइप लाइन विस्तार और बोरिंग के कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करें, जल टंकियों को उनकी पूर्ण क्षमता के साथ भरना और वितरण प्रणाली को और अधिक दुरुस्त करें। उन्होंने बारिश के दौरान शहर में जलप्लावन को रोकने के लिए प्रिवेंटिव मेंटेनेंस पर जोर दिया गया है, उन्होंने कहा कि ओमती और मोती नाले के विस्तार के साथ-साथ शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई अभियान चलाकर की जाएगी। बैठक में महापौर के साथ निगमाध्यक्ष रिंकू विज, एम.आई.सी. सदस्य रजनी कैलाश साहू, अपर आयुक्त तथा सभी संबंधित विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
