
जबलपुर। नगर निगम प्रशासन शहरवासियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है। शासन द्वारा जारी येलो अलर्ट और संभावित आंधी-तूफान की आशंका के मद्देनजर मंगलवार को निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। निगमायुक्त के निर्देश पर अपर आयुक्त श्रीमती अंजू सिंह ठाकुर ने शहर की पंजीकृत होर्डिंग एजेंसियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि व्यापार से पहले जन सुरक्षा उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
अपर आयुक्त श्रीमती सिंह ने सभी एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपने द्वारा स्थापित विज्ञापनों और लोहे के स्ट्रक्चर्स का तत्काल और नियमित तकनीकी निरीक्षण सुनिश्चित करें। पुराने या जर्जर हो चुके स्ट्रक्चर्स को समय रहते दुरुस्त करने या हटाने की हिदायत दी गई है ताकि तेज हवाओं के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संचालकों ने पहल का किया स्वागत
बैठक में उपस्थित विज्ञापन एजेंसियों के संचालकों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया और सार्वजनिक सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस सकारात्मक समन्वय से यह सुनिश्चित होगा कि शहर की सुंदरता और विज्ञापन के साथ-साथ राहगीरों की सुरक्षा में कोई चूक न हो।
बैठक में उपयंत्री अंकित चैधरी सहित शहर की प्रमुख एजेंसियों के प्रतिनिधि सुरेश असावा, राजदेव शर्मा, हर्षित खरे, उमेश विग, वीरेन्द्र पचैरी, मुन्ना पटेल, मोहित श्रीवास्तव और दिलीप चैधरी आदि उपस्थित रहे।
