
जबलपुर। तिलवारा थाना अंतर्गत अवनी विहार निवासी एक स्कूल शिक्षिका को एक जालसाज ने खुद को पूर्व छात्र बताकर अपने जाल में फंसाया और कीमती गिफ्ट लंदन से भेजने के नाम पर उनसे 4, 04, 500 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अवनी विहार निवासी 31 वर्षीय सुश्री श्रुति सेन गुरुकुल स्कूल में शिक्षिका हैं, उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर रवि शर्मा नाम के एक व्यक्ति का मैसेज आया। आरोपी ने बड़ी ही शालीनता से बात शुरू की और कहा, मैम, मैं आपको जानता हूँ, आपने मुझे पढ़ाया है। मैं अभी लंदन में रह रहा हूँ। शिक्षिका को अपनी बातों में उलझाकर आरोपी ने कहा कि वह अपनी मैम को सम्मान के तौर पर गोल्ड और डायमंड की ज्वेलरी सेट गिफ्ट करना चाहता है। जब शिक्षिका ने उपहार लेने से मना किया, तो आरोपी ने भावुक होकर कहा कि वह पार्सल भेज चुका है, बस उन्हें यूके का टैक्स क्लियर करना होगा। आरोपी ने टैक्स के नाम पर पहली बार 10,200 रुपये जमा करवाए। इसके बाद उसने अलग-अलग बहाने बनाकर और विभिन्न आईडी का उपयोग कर शिक्षिका से बार-बार पैसे ट्रांसफर कराए। शिक्षिका ने अपने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से कुल 4,04,500 रुपये आरोपी के बताए खातों में भेज दिए। जब कोई पार्सल घर नहीं पहुँचा, तो शिक्षिका को संदेह हुआ। उन्होंने आरोपी के नंबर पर व्हाट्सएप कॉल किया, जहाँ आरोपी ने फिर से और पैसों की मांग की। तब शिक्षिका को समझ आया कि वह साइबर फ्रॉड का शिकार हो चुकी हैं। पुलिस ने आरोपी रवि शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
