फगवाड़ा, (वार्ता) पंजाब कुश्ती एसोसिएशन ने आजीवन अध्यक्ष पद्म करतार सिंह (सेवानिवृत्त आईजी) की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक के दौरान अमृतसर के अक्षय कुमार को सर्वसम्मति से अपना नया अध्यक्ष चुना है।
अक्षय कुमार की नियुक्ति का प्रस्ताव पूर्व अध्यक्ष रमन कुमार (सेवानिवृत्त दूरदर्शन जालंधर समाचार वाचक) द्वारा रखा गया और इसे पूर्ण सहमति से स्वीकार कर लिया गया। पद्मश्री करतार सिंह, महासचिव शाहबाज सिंह और प्रेस सचिव रीत प्रीत पाल सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को गुलदस्ते और मालाएं भेंट करके बधाई दी।
इस दौरान अक्षय कुमार ने सदस्यों के विश्वास के लिए धन्यवाद दिया और कुश्ती जगत की समर्पित सेवा करने का संकल्प लिया। उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में होने वाली सभी चैंपियनशिप के लिए छात्र पहलवानों का प्रवेश शुल्क माफ कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, किसी भी चैंपियनशिप के लिए अर्हता प्राप्त करने वाले पहलवानों को निःशुल्क यात्रा टिकट प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि कुश्ती को बढ़ावा देने और एसोसिएशन को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।बैठक में पंजाब भर से प्रमुख सदस्यों ने भाग लिया।
