जयपुर 30 मई (वार्ता) केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार के द्वारा प्रदत्त आदेशों का पालन करते हुए शनिवार को जयपुर जिले के एक स्थान विशेष पर ऑपरेशन शील्ड के तहत मॉक ड्रिल एवं ब्लैक आउट के पूर्व अभ्यास का आयोजन किया जाएगा।
जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने अभ्यास से संबंधित क्षेत्र के नागरिकों से ब्लैक आउट के दौरान स्वेच्छा से घरों, कार्यालयों, प्रतिष्ठानों एवं वाहनों की लाइट बंद कर सहयोग की अपील की है। पूर्व अभ्यास के लिए चिन्हित परिधि क्षेत्र के अतिरिक्त जिले के अन्य क्षेत्रों में सामान्य परिस्थितियां बनीं रहेंगी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (दक्षिण) संतोष मीणा ने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर द्वितीय सिविल डिफेन्स अभ्यास (ऑपरेशन शील्ड) के तहत 31 मई को ड्रोन हवाई हमले के समय राहत एवं बचाव के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। साथ ही जिस स्थान विशेष पर मॉक ड्रिल का आयोजन होगा उसी स्थान पर सायरन सुने जाने तक के परिधि क्षेत्र में रात्रि में ब्लैक आउट किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चिन्हित स्थान पर ब्लैक आउट किये जाने वाले क्षेत्र में रात्रि के समय सायरन बजा कर स्थानीय नागरिकों को ब्लैक आउट की सूचना दी जाएगी। संबंधित क्षेत्र के नागरिक ड्रोन से होने वाले हवाई हमले की स्थिति में ब्लैक आउट किए जाने पर सायरन या हूटर बजते ही बिना घबराए सभी नागरिक अपने घरों में रहे एवं अनावश्यक घर से बाहर न निकलें, अपने प्रत्येक स्थान की लाइट स्वेच्छा से बंद कर दें, भगदड न मचाए एवं धूम्रपान न करें, माचिस, मोबाइल, टॉर्च एवं फ्लैश लाइट का इस्तेमाल न करें।
