रीवा: विश्वविद्यालय थाना में युवती द्वारा अग्निवीर सैनिक के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई गई है. बताया गया कि 3 साल पहले युवती की युवक से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी.
इसके कुछ समय बाद दोनों की मुलाकात रीवा के अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में हुई. इसके बाद युवक ने किराए के मकान में युवती के साथ जबरन संबंध बनाया और किसी को बताने पर बदनाम करने की धमकी दी. रीवा जिले की रहने वाली 23 वर्षीय युवती अपनी मां के साथ विश्वविद्यालय थाने पहुंची.
अग्निवीर सैनिक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई. दर्ज शिकायत में युवती ने बताया कि वह रीवा में रहकर पढ़ाई करती है. विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र बोदाबाग इलाके में किराए के मकान में रहती है. जुलाई 2023 में इंस्टाग्राम से उसकी दोस्ती सतना के नागौद निवासी युवक से हुई थी. इसके बाद दोनों आपस में बातचीत करने लगे.युवती का आरोप है कि अगस्त 2023 को युवक किसी काम के सिलसिले से अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा आया था. उसके साथ युवती भी वहां पर पहुंची थी. युवक ने युवती से उसके साथ रूम पर चलने को कहा. किराए के रूम पर पहुंचने के बाद उसने अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद युवक ने किसी से बताने पर बदनाम करने की धमकी दी.
जांच में जुटी विश्वविद्यालय पुलिस:
युवती का कहना है कि अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उसे पुलिस अधीक्षक कार्यालय आना पड़ा. पीडि़ता ने आरोपी को पकड़ कर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की प्रशासन से मांग की है. विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा ने बताया युवती के बयान और मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
