छेड़खानी का विरोध करने पर ढोलक वादक की नृशंस हत्या

जबलपुर‌। तिलवारा थाना अंतर्गत जोधपुर पड़ाव में पत्नी के साथ हो रही अभद्रता का विरोध करने पर एक ढोलक वादक की बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, जोधपुर पड़ाव निवासी 47 वर्षीय दस्सीलाल बसोड़ पेशे से ढोलक वादक थे। वे अपने बेटे मोनू बसोड़ के साथ विभिन्न मांगलिक कार्यक्रमों में ढोलक बजाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। कल भी पिता-पुत्र पाटन में एक शादी समारोह में गए थे। काम खत्म कर वे देर रात घर लौटे और थकान के कारण गहरी नींद में सो गए थे। दस्सीलाल की पत्नी लघुशंका के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन आवारा युवक वहाँ पहुँचे और महिला को अकेला देख उसके साथ छेड़खानी और अश्लील हरकतें करने लगे।

महिला के शोर मचाने पर दस्सीलाल और उनका बेटा मोनू तुरंत मदद के लिए बाहर भागे। जब दस्सीलाल ने युवकों की इस घिनौनी हरकत का विरोध किया और उन्हें वहाँ से जाने को कहा, तो आरोपी भड़क गए। एक युवक ने पास रखा धारदार चाकू निकाला और दस्सीलाल के शरीर पर कई वार कर दिए।

हमला इतना भीषण था कि दस्सीलाल मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजनों ने दस्सीलाल को मेडिकल कॉलेज पहुँचाया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण इलाज के दौरान मंगलवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों, चश्मदीदों के बयान के आधार पर हुलिया तैयार किया जा रहा है और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Next Post

हमारी तैयारियां जितनी अच्छी होगी आपदा में उतना ही कम नुकसान होगा: कलेक्टर

Wed May 6 , 2026
जबलपुर। हमारी तैयारियां जितनी अच्छी होंगी आपदा में होने वाले नुकसान उतना ही कम किया जा सकेगा। राहत शिविर के लिए चिन्हित क्षेत्रों में खाद्यान्न और दवाओं का भण्डारण भी सुनिश्चित कर लिया जाए। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में जल स्त्रोतों की साफ-सफाई के कार्य भी समय रहते पूरे […]

You May Like

मनोरंजन