रीवा:बंगाल की खाड़ी में उठे अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान का असर अब विंध्य तक पहुंचने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार से रीवा जिले के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आज से तीन दिनों तक तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। सबसे ज्यादा बारिश गुरुवार को होने की आशंका जताई जा रही है।
मंगलवार को ही तूफान का आंशिक असर बादलों के रूप में दिखने लगा। दिन में हल्के बादलों की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री था, जो मंगलवार को घटकर 31 डिग्री पर आ गया।
रात के तापमान में भी गिरावट
इधर रात के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि का न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि इससे 24 घंटे पहले रविवार-सोमवार की रात का पारा 16.6 डिग्री तक पहुंच गया था। मंगलवार को दिन भर 12 से 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पूर्वी हवाएं चलीं।
मौसम विभाग का कहना है कि तीन दिनों के बाद मौसम में फिर से सुधार आएगा, जिसके बाद मौसम शुष्क होगा और दिन के अधिकतम तापमान में फिर से उछाल देखने को मिलेगा।
