साव ने खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के लिए मशाल गौरव यात्रा को दिखाई हरी झंडी

रायपुर, 01 जनवरी (वार्ता) उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ की मेजबानी में देश में पहली बार हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के प्रचार-प्रसार के लिए मशाल गौरव यात्रा को गुरुवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने आज नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास कार्यालय से मशाल गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का विषय है कि देश में पहली बार हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ को मिली है। उन्होंने इसके लिए केन्द्र सरकार तथा केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। फरवरी में होने वाले इस आयोजन के बारे में लोगों को जानकारी देने आज मशाल गौरव यात्रा को रवाना किया गया है।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स प्रचार वाहन राज्य के सभी जिलों में जायेगा। इस दौरान शुभंकर मोरवीर, थीम-सांग और मशाल के साथ प्रदेशभर में घूम-घूमकर यह लोगों को खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की जानकारी देगा। खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में सात खेलों को शामिल किया गया है। इनमें हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, तैराकी, कुश्ती, एथलेटिक्स और भारोत्तोलन शामिल हैं। इन खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भागीदारी करने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए आगामी सात जनवरी और आठ जनवरी को ट्रायल का आयोजन किया गया है। बिलासपुर स्थित बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में तीरंदाजी, तैराकी और एथलेटिक्स के लिए ट्रायल प्रक्रिया आयोजित की गई है। वहीं हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती और भारोत्तोलन के लिए ट्रायल रायपुर के स्वामी विवेकानन्द स्टेडियम कोटा में होंगे। 

Next Post

आधिकारिक तौर बुल्गारिया की मुद्रा बना यूरो

Thu Jan 1 , 2026
सोफिया, 01 जनवरी (वार्ता) बुल्गारिया ने नये साल के दिन गुरुवार को यूरोज़ोन में शामिल होकर यूरो को अपनी आधिकारिक मुद्रा के रूप में अपना लिया। इससे यह यूरो क्षेत्र का 21वां सदस्य बन गया है। यूरो ने बुल्गारिया की आधिकारिक मुद्रा के तौर पर लेव की जगह ली है। […]

You May Like