दिवाली को ईद बताने वाले खरगे के बयान पर भाजपा की तीखी प्रतिक्रिया, पूछा हिंदुओं के त्योहारों से कांग्रेस को इतनी परेशानी क्यों ?

नयी दिल्ली, 09 नवंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिवाली को ‘ईद’ बताने वाले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह बयान कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति है और कांग्रेस अध्यक्ष से पवित्र दिवाली के बारे में ‘अपमानजनक बात’ कहलवायी गयी है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय पर एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रविवार को जब पूरा देश एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दे रहा था, तब कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने दीपावली की तुलना ‘खुशियों की ईद’ से कर दी। श्री भाटिया ने कहा, ” अब सवाल यह है कि कांग्रेस को हिंदुओं के सबसे बड़े त्योहार दीपावली को उसकी अपनी सांस्कृतिक पहचान के साथ स्वीकार करने में परेशानी क्यों होती है?”

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दीपावली पर बोलते समय खरगे जी की जुबान लड़खड़ाने लगती थी। ” यदि उनके बयान और चेहरे के हाव-भाव पर गौर करें तो ऐसा लग रहा था, मानो खड़गे जी की आंखों में आंसू आने वाले हों और वह सोच रहे हों कि पवित्र दीपावली के अवसर पर उनसे ऐसी अपमानजनक बात क्यों कहलवाई जा रही है।” भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि श्री खरगे रिमोट से संचालित होते हैं। उनकी बैटरी श्रीमती सोनिया गांधी हैं और उनके रिमोट का बटन राहुल गांधी के हाथ में है। उनके बयान में श्रीमती गांधी और श्री गांधी की सोच ही झलकती है। कांग्रेस नेतृत्व की हिंदू आस्था और सनातन परंपराओं के प्रति सोच उनके बयानों से साफ दिखाई देती है। इसीलिए उन्होंने एक नया शब्द गढ़ दिया।

उन्होंने कहा, ‘यह खुशियों की ईद है।’ श्री भाटिया ने कहा कि छोटी दीपावली, धनतेरस और गोवर्धन पूजा जैसे त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं। हिंदू समुदाय के लिए इनका विशेष महत्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि “तुष्टीकरण की राजनीति करना, सनातन धर्म की भावनाओं का अनादर करना और हिंदुओं की आस्था का अपमान करना कांग्रेस पार्टी का चरित्र और स्वभाव बन गया है। मुस्लिम समुदाय का खुलकर तुष्टीकरण करना तथा खुशी, उल्लास और आपसी सद्भाव के त्योहार के दौरान भी हिंदू समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना कांगेस का मूल चरित्र है।

उन्होंने कहा, ” हमारी आपत्ति इसलिए है क्योंकि दीपावली भारत का सबसे बड़ा त्योहार है। यह हमें खुशियां बांटना और खुशियों को अपनाना सिखाता है। दीपावली, दीपावली है। इसे ईद क्यों कहा जाना चाहिए? जब हम दीपावली की बात कर रहे हैं, जिसकी अपनी पवित्रता, परंपरा और पहचान है, तो हिंदुओं को ईद कहकर शुभकामनाएं क्यों दी जा रही हैं? हम सभी जानते हैं कि एक समय भगवान राम को काल्पनिक बताया गया था। अब अयोध्या में राम मंदिर बन चुका है और प्रत्येक हिंदू ने इस पर गर्व महसूस किया है।” श्री भाटिया ने कहा कि ऐसा भी नहीं है कि श्री खरगे की जुबान फिसल गई हो। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी भी इस बहस में शामिल हो गए हैं। वह श्री खरगे के बयान का बचाव करते हुए कह रहे हैं कि खुशी जाहिर करने के लिए अक्सर ईद शब्द का उदाहरण दिया जाता है। श्री खरगे के बयान से देशभर के करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि गांधी परिवार के एक भी सदस्य आज तक अयोध्या नहीं गए हैं। उन्होंने कहा, “मैं श्री गांधी को भी चुनौती देना चाहता हूं कि इस बार जब ईद आए तो आप अपने सभी मुस्लिम भाइयों और बहनों को ‘खुशियों की दीपावली’ कहकर ईद की शुभकामनाएं दीजिए। तभी यह साबित होगा कि आपकी सोच वास्तव में समानता पर आधारित है।”

 

Next Post

दूरसंचार इंटरकनेक्शन के लिए पोर्ट शुल्क के नये नियम जारी, पहली जनवरी से होंगे लागू

Mon Nov 9 , 2026
नयी दिल्ली, 09 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण ने विभिन्न दूरसंचार नेटवर्कों के बीच इंटरकनेक्शन के लिए दिए जाने वाले शुल्क से संबंधित नियमों में संशोधन किया है जो 01 जनवरी 2027 से लागू होंगे। इन संशोधनों में आईपी आधारित इंटरकनेक्शन पोर्ट शुल्क निर्धारण की रूपरेखा दी गई है। […]

You May Like